IPL 2024- ऋषभ पंत पर लगा IPL में एक मैच का बैन, दिल्ली कैपिटल्स को तगड़ा झटका, पूरी ख़बर जानिए
IPL 2024 में दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका लगा है। क्योंकि टीम के कप्तान ऋषभ पंत को एक मैच के लिए निलंबित कर दिया गया है । ऋषभ पंत पर ये कार्रवाई राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में उनकी टीम की ओर से स्लो ओवर-रेट अपराध के कारण हुई है। इतना ही नहीं पंत पर 30 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है।

दरअसल ऋषभ पंत पर IPL कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करने के लिए एक मैच का बैन लगाया गया है। आपको बता दें कि दिल्ली की टीम राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आईपीएल के मैच नंबर 56 में खेल रही थी और इसी मैच के दौरान स्लो ओवर रेट के तहत गेंदबाजी की गई थी। ये मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में 7 मई 2024 को खेला गया था।

गौरतलब रहे कि पंत की टीम का आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत इस सीजन का ये तीसरा अपराध था, इसलिए पंत पर 30 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया और एक मैच का बैन लगाया गया। अब इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी मेंबर्स पर व्यक्तिगत रूप से 12 लाख रुपये या उनकी संबंधित मैच फीस का 50 फीसदी दोनों में से जो भी कम हो जुर्माना लगाया गया है।

इस तरह लगता है IPL में स्लोओवर रेट होने पर जुर्माना
IPL में स्लो ओवर रेट के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत अगर किसी टीम के कैप्टन से पहला अपराध होता है तो उस पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है। अगर किसी आईपीएल सीजन में दूसरी बार उस कैप्टन से स्लो ओवर रेट का अपराध होता है तो उस पर 24 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाता है, लेकिन अगर ये गलती तीसरी बार होती है तो कैप्टन पर एक मैच का बैन लगाया जाता है।