अंबाला पहुंचे पीएम मोदी, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, अनिल विज ने किया सम्मानित

अंबाला पहुंचे पीएम मोदी, कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह, अनिल विज ने किया सम्मानित

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अंबाला में आज रैली हो रही है। पीएम मोदी रैली में 2:30 से 3:00 बजे के बीच में पहुंच जाएंगे। पीएम मोदी अपने विशेष विमान से अंबाला छावनी के एयरफोर्स स्टेशन पहुंचेंगे, जहां से पीएम सड़क मार्ग के जरिए रैली स्थल तक पहुंचेंगे। पीएम मोदी की रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

आपको बता दें कि पीएम मोदी की रैली को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। रैली स्थल से चारों ओर करीब 400 मीटर दूर तक वाहनों को खड़े करने की इजाजत नहीं है। लोग अपने वाहन दूर खड़े करके रैली स्थल तक आ रहे हैं। वहीं रैली में एंट्री के लिए दो गेट बनाए गए हैं। जिनमें एक गेट से महिलाएं और दूसरे गेट से पुरुष रैली में एंट्री कर सकते हैं। पीएम मोदी की सुरक्षा को देखते हुए लोगों को मेटल डिटेक्टर से होकर गुजरना होता है।

पीएम मोदी की रैली के लिए जो मंच सजाया गया है उसमें 40 कुर्सियां लगाई गई हैं। अभी तक मंच पर अंबाला से बीजेपी उम्मीदवार बंतो कटारिया, कुरुक्षेत्र से बीजेपी उम्मीदवार नवीन जिंदल, मंत्री सुभाष सुधा, मंत्री कंवर पाल गुर्जर, मंत्री असीम गोयल पहुंच चुके हैं।

वहीं पुलिस ने भी रैली स्थल पर सुरक्षा के चाक-चौबंद प्रबंध किए हुए हैं। पुलिस ने निर्देश दिए हैं कि रैली स्थल पर कोई भी काले कपड़ों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही लाइटर, बीड़ी, सिगरेट, हथियार, बोतल, ग्लास और पेन वाले कैमरे लेकर कोई भी रैली स्थल पर नहीं जा सकेगा।

आपको बता दें कि आज ही अंबाला के पूर्व विधायक रत्नलाल कटारिया की पुण्यतिथि भी है। बंतो कटारिया रतन लाल कटारिया की पत्नी हैं। पीएम मोदी की हरियाणा में ये पहली चुनावी रैली है। थोड़ी देर में ही वो अंबाला पहुंचने वाले हैं। और यहां वो बंतो कटारिया के लिए पार्टी के पक्ष में वोट की अपील करेंगे। हालांकि पीएम मोदी के इस दौरे का पूरे प्रदेश पर एक असर तो पड़ेगा ही साथ ही पीएम मोदी अपनी इस रैली के जरिए खासतौर पर हरियाणा की पांच लोकसभा सीटों जिनमें अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत और रोहतक को साधने का भी प्रयास करेंगे।