अमृतसर में मजदूर परिवार को बिजली बिल ने दिया बड़ा झटका, परिवार के उड़ गए होश
अमृतसर के बटाला रोड पर रहने वाले एक मजदूर परिवार को उस समय झटका लगा जब उन्हें पता चला कि उनके घर का बिल 3 लाख रुपये तक पहुंच गया है। बिजली का बिल अब इस परिवार के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी खराब है कि वे यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि पहले भोजन का इंतजाम करें या बिजली का बिल भरें। दरअसल, दो कमरों वाले घर का बिजली बिल पिछले साल 2.5 लाख रुपये था, जो अब 3 लाख रुपये को पार कर गया है।
88 फीट मुस्तफाबाद निवासी विक्की के मुताबिक पहले उनका बिजली बिल सिर्फ 1000 रुपये आता था, लेकिन 2024 में अचानक 2.5 लाख रुपये का बिल आ गया। जब तक वह इसका कारण समझ पाते, अगले बिल में जुर्माने की राशि जोड़कर राशि 3.5 लाख रुपये हो गई।
विक्की ने बताया कि उनके मकान की कीमत मात्र 6 लाख रुपए है। परिवार के पास 50 हजार रुपए भी नहीं हैं और बिजली विभाग तीन लाख रुपए की मांग कर रहा है।
परिवार का कहना है कि उनके घर में केवल पंखे और ट्यूबलाइट का ही उपयोग होता है, ऐसे में इतना बड़ा बिल आना समझ से परे है। घर में केवल 2 पंखे और तीन ट्यूबलाइट लगी हैं। घर में न तो एसी है, न कूलर और न ही मोटर।
कई बार बिजली विभाग से शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। अब स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि बिजली विभाग ने कनेक्शन काटने की चेतावनी दे दी है।