सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में 2 शूटर शामली में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए
हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में यूपी पुलिस ने एनकाउंटर में 2 शूटर्स को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों की पहचान सोनीपत के सुमित और मोहित के तौर पर हुई है। दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम था और वे गोगी गैंग से जुड़े शूटर बताए जा रहे हैं।
शामली के SP नरिंदर प्रताप ने बताया कि दोनों शूटर बाइक से सोनीपत की तरफ भाग रहे थे। एक टिप-ऑफ पर पुलिस ने आज सुबह 4 बजे उन्हें घेर लिया। पकड़े जाने के डर से उन्होंने फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस को भी फायरिंग करनी पड़ी।
दोनों तरफ से 20 राउंड फायरिंग हुई। इसमें बदमाश सुमित और मोहित को गोलियां लगीं। पुलिस दोनों को हॉस्पिटल ले गई जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एनकाउंटर में दो पुलिस कर्मी प्रदीप और हरविंदर भी घायल हुए हैं। एनकाउंटर शामली के इंडस्ट्रियल थाना इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, 5 दिन पहले डोवा ने अपने 2 अन्य साथियों के साथ मिलकर जिम के बाहर अंकित की गोली मारकर हत्या कर दी थी। बाकी दो साथी सत्यम और आर्यन अभी भी फरार हैं।
शामली के SP नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अंकित बालियान की हत्या के बाद शहर और कैराना के सभी SHO, ASP और CO को केस सुलझाने के लिए लगाया गया था। आरोपियों की तलाश में आधी रात से सुबह 6 बजे तक जिले में स्पेशल नाकाबंदी और गाड़ी चेकिंग के आदेश भी दिए गए थे और सुबह 4 बजे करनाल की तरफ से एक बाइक पर संदिग्ध आते दिखे। पुलिस टीमों को तुरंत अलर्ट किया गया।
चेकिंग कर रहे SHO धर्मेंद्र गौतम ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आरोपियों पर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुमित और मोहित घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक, दोनों बदमाशों को 20 से ज़्यादा गोलियां लगी हैं। पुलिस ने घटना स्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।