सरकार पर संकट के बाद एक्शन में RSS, सीएम और पूर्व सीएम के साथ आपात बैठक में की चर्चा
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने लोकसभा चुनाव के दौरान हरियाणा के ताजा राजनीतिक समीकरणों को लेकर आपात बैठक ली है। इसमें आरएसएस के बड़े नेताओं ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अलावा राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने हर विषय पर चर्चा की। बताया जा रहा है कि आरएसएस ने बैठक में चुनाव समीकरण पर चिंता जाहिर की और प्रदेश का चुनाव अपने हाथ में लेने की बात कही। संघ से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने भी सुनवाई न होने की बात कही। दो घंटे तक चली बैठक के बाद सीएम और पूर्व सीएम वापस चले गए।
संघ की बैठक में करनाल लोकसभा के सांसद संजय भाटिया नहीं पहुंचे। पार्टी ने उनका टिकट काटकर करनाल से पूर्व सीएम मनोहर लाल को टिकट दिया है। इनके अलावा प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता समेत कई नेताओं को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। यहां तय लोग ही बैठक में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि कई स्थानीय कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। उन्होंने बैठक में सरकार में कार्यकर्ताओं के काम न होने और उनकी नाराजगी का बड़ा कारण बताया। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि संघ की बैठक रविवार रात को पानीपत में हुई है। वह बैठक में शामिल नहीं थी।