पाकिस्तान के प्रधानमंत्री का बयान - कहा पहलगाम हमले की निष्पक्ष जांच के लिए तैयार
पहलगाम हमले को लेकर पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ का बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि पहलगाम हमले के बाद वह किसी भी जांच के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान को बदनाम किया जा रहा है। पाकिस्तान अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए तैयार है।
जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान सैन्य अकादमी में परेड को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि पाकिस्तान पर पहले भी ऐसे हमलों का आरोप लगता रहा है। इसे पूरी तरह बंद कर देना चाहिए। एक जिम्मेदार देश के रूप में, पाकिस्तान किसी भी निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में भाग लेने के लिए तैयार है।
शरीफ ने कहा कि भारत दुनिया को गुमराह कर रहा है। बिना किसी विश्वसनीय जांच और सबूत के वह पाकिस्तान पर झूठे आरोप लगाकर देश को बदनाम कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री शरीफ ने कहा कि यदि सिंधु नदी के पानी को कम करने या उसका रुख मोड़ने का कोई प्रयास किया गया तो उसका पूरी ताकत से जवाब दिया जाएगा। शरीफ ने कहा कि पानी पाकिस्तान के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। यह हमारे 240 मिलियन लोगों के जीवन का प्रश्न है। हम हर कीमत पर इसकी रक्षा करेंगे।
शाहबाज ने कहा कि पाकिस्तान शांति चाहता है, लेकिन इस इच्छा को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को बदनाम किया जा रहा है। पाकिस्तान के सैनिक अपने देश की रक्षा के लिए पूरी तरह तैयार हैं। भारत ने हाल ही में पहलगाम हमले के बाद सिंधु जल संधि को रद्द करने की घोषणा की।