PM मोदी पहुंचे पंजाब, हलवारा एयरपोर्ट का वर्चुअली उद्घाटन किया, आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला
PM नरेंद्र मोदी पंजाब पहुंच गए हैं। वे आदमपुर एयरपोर्ट पर उतरे। यहां उन्होंने हलवारा एयरपोर्ट पर बने नए टर्मिनल का वर्चुअली उद्घाटन किया और आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर श्री गुरु रविदास एयरपोर्ट कर दिया।
PM मोदी श्री गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के मौके पर जालंधर में रविदासिया समाज के सबसे बड़े धार्मिक स्थल डेरा सचखंड बल्लान में माथा टेकेंगे। PM हेलीकॉप्टर से पठानकोट नेशनल हाईवे पर स्थित डेरा सचखंड बल्लान पहुंचेंगे। वे यहां करीब 40 मिनट रुकेंगे। वे जुलूस में बैठकर लंगर छकेंगे और संगत से मिलेंगे।
हलवारा एयरपोर्ट के उद्घाटन के लिए CM भगवंत मान, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और राज्यसभा सदस्य राजिंदर गुप्ता हलवारा एयरपोर्ट पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी अपने दौरे के दौरान अकेले में संत निरंजन दास से मिलेंगे। इसलिए BJP नेता तरुण चुघ ने सबसे पहले संत निरंजन दास से मुलाकात की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उनसे मिलने आ रहे हैं। वे थोड़ी देर में आपसे मिलकर आपका आशीर्वाद लेंगे। उनकी बंद कमरे में 10 मिनट की मीटिंग होगी।
धार्मिक और सरकारी प्रोग्राम के बाद प्रधानमंत्री पंजाब BJP के सीनियर नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे। इसमें वे पंजाब के मौजूदा सामाजिक और राजनीतिक हालात पर फीडबैक लेंगे। चर्चा का मेन फोकस पंजाब का कानून-व्यवस्था, किसानों के मुद्दे और आने वाले समय में पार्टी की स्ट्रैटेजी होगी।