पंजाब चुनाव 2027: धूरी से मैदान में भगवंत मान, 40 उम्मीदवारों का ऐलान
नई दिल्ली/चंडीगढ़ | आम आदमी पार्टी ने शनिवार को पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करते हुए चुनावी समर का जोरदार शंखनाद कर दिया है। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की उच्चस्तरीय बैठक में विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इन नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई। पार्टी ने पंजाब के लोकप्रिय मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान को एक बार फिर उनकी परंपरागत सीट धुरी से मैदान में उतारा है ताकि वे राज्य की जनता की सेवा का संकल्प अनवरत जारी रख सकें। यह सूची पूरी तरह से जनता के बीच कराए गए निष्पक्ष व वैज्ञानिक सर्वे के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें जनता की मुहर लगने के बाद ही प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया।
2027 में टूटेगा 2022 का ऐतिहासिक रिकॉर्ड: अरविंद केजरीवाल
राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने घोषित सभी 40 उम्मीदवारों को हार्दिक बधाई देते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जिस तरह 2022 में पंजाब की जागरूक जनता ने आम आदमी पार्टी पर अटूट विश्वास जताते हुए प्रचंड जनादेश दिया था, अब समय आ गया है कि 2027 के विधानसभा चुनावों में उस ऐतिहासिक जीत का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ दिया जाए। अरविंद केजरीवाल के इस आह्वान ने समूचे पंजाब में पार्टी कार्यकर्ताओं के भीतर एक नई ऊर्जा और उत्साह का संचार कर दिया है।
मजबूत तैयारी, पारदर्शिता और ‘रंगला पंजाब’ की दिशा में अटूट विश्वास: भगवंत सिंह मान
पीएसी की बैठक संपन्न होने के बाद मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सभी अधिकृत उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं और इसे पार्टी की मजबूत सांगठनिक क्षमता का प्रमाण बताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावों से तीन-चार महीने पहले ही पहली सूची जारी कर देना आम आदमी पार्टी की पूर्व तैयारियों, पारदर्शिता और मान सरकार के ऐतिहासिक रिपोर्ट कार्ड पर हमारे अटूट विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से सीधा संवाद करते हुए कहा:
“आम आदमी पार्टी ने आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी है। उम्मीदवारों की जल्द घोषणा पार्टी की मजबूत तैयारियों, पारदर्शिता और हमारी सरकार के किए गए कार्यों को लेकर हमारे अटूट विश्वास का प्रमाण है।”
मीडिया से विस्तृत बातचीत में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चयन प्रक्रिया की पारदर्शी कार्यप्रणाली को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि टिकटों के वितरण पर पार्टी में व्यापक मंथन हुआ और जनता के बीच कराए गए सर्वे में जिन चेहरों को जनता की स्पष्ट स्वीकृति और बेहद सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, पीएसी ने केवल उन्हीं नामों को फाइनल किया है। मुख्यमंत्री ने पूरा भरोसा जताया कि ये सभी 40 प्रत्याशी आगामी चुनावों में भी जनता के भरपूर आशीर्वाद से शानदार जीत दर्ज करेंगे। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आने वाली सूचियों में नए चेहरों को भी पूरा अवसर दिया जाएगा, क्योंकि आम आदमी पार्टी खुद 12-13 साल पुरानी एक युवा और आंदोलन से निकली पार्टी है। मुख्यमंत्री ने आत्मविश्वास के साथ कहा कि आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी का किसी भी विपक्षी दल के साथ कोई मुकाबला ही नहीं है; हमारी जीत पूरी तरह तय है और हम पहले से ही जीते हुए हैं।
गांव-गांव तक विकास की गूंज: 75 साल बनाम 5 साल का रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब सरकार के ऐतिहासिक कार्यों का ब्योरा रखते हुए कहा कि जो कोई भी आज पंजाब की ज़मीन पर कदम रखेगा, उसे खुद-ब-खुद दिख जाएगा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने किस स्तर पर काम किया है। उन्होंने बताया कि पंजाब का आज ऐसा कोई एकलौता गांव नहीं बचा है जहां सरकारी ग्रांट न पहुंची हो, पक्की सड़कें न बनी हों, या फिर गांवों के छप्पड़ों (तालाबों) के कायाकल्प के लिए थापर मॉडल अथवा संत सीचेवाल मॉडल पर प्रभावी कार्य न हुआ हो। राज्य का कोई भी गांव ऐसा नहीं है जहां के नौजवानों को बिना रिश्वत और सिफारिश के सरकारी नौकरी न मिली हो, जहां आम आदमी क्लीनिक के जरिए विश्वस्तरीय मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं न पहुंची हों, या जहां के सरकारी स्कूलों को अत्याधुनिक रूप से अपडेट न किया गया हो।
समय से पूर्व टिकटों की घोषणा की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए भगवंत मान ने विपक्षी कांग्रेस पार्टी के डर और अंतर्कलह पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने समय रहते अपने उम्मीदवारों की घोषणा इसलिए की है ताकि प्रत्याशियों को सीधे जन-जन के बीच जाने और सरकार के ऐतिहासिक जनहितकारी कार्यों को हर घर तक पहुंचाने का भरपूर अवसर मिल सके। वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी मतदान के अंतिम दिन तक सिर्फ इसी खौफ में जीती रहती है कि कहीं टिकट बांटने पर पार्टी में बगावत न भड़क जाए या असंतुष्ट नेता निर्दलीय मैदान में न उतर जाएं। इसी आंतरिक फूट के कारण कांग्रेस आखिरी दिन तक टिकट तय नहीं कर पाती, जबकि आम आदमी पार्टी काम और जनता के भरोसे की राजनीति करती है।
75 साल पर भारी पड़े भगवंत मान सरकार के काम: मनीष सिसोदिया
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने मान सरकार के शानदार प्रदर्शन की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने बताया कि पार्टी की पीएसी बैठक में इस बात को विशेष रूप से सराहा गया कि पिछले पांच वर्षों में मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब ने अभूतपूर्व प्रगति की है। राज्य में पिछले 5 सालों के दौरान जितने युगांतरकारी कार्य हुए हैं, उतने आजादी के 75 सालों में पिछली किसी भी सरकार के दौर में नहीं हुए थे। चाहे बेहतरीन स्कूल और कॉलेज हों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हो, किसानों के हक में उठाए गए ऐतिहासिक कदम हों, मुफ्त व निर्बाध बिजली आपूर्ति हो, आधुनिक सड़कों का जाल हो या फिर खेलों को बढ़ावा देना हो—भगवंत मान सरकार ने हर क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मनीष सिसोदिया ने कहा कि समूचे पंजाब की जनता सरकार के कार्यों से बेहद खुश है और वह सरदार भगवंत सिंह मान को फिर से पूर्ण बहुमत के साथ मुख्यमंत्री की कुर्सी पर देखना चाहती है। उन्होंने जानकारी दी कि जैसे-जैसे अगली बैठकों में शेष विधानसभा सीटों पर मंथन पूरा होगा, वैसे-वैसे अन्य प्रत्याशियों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएंगे।
इसके साथ ही मनीष सिसोदिया ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उम्मीदवारों को बधाई देते हुए जनसेवा का संदेश दिया:
“पंजाब के लिए घोषित आम आदमी पार्टी के सभी 40 उम्मीदवारों को बधाई। यह जनता के भरोसे को और मज़बूत करने की ज़िम्मेदारी है। हर घर जाइए, लोगों की बात सुनिए और पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए पूरी ताक़त लगाइए। खुशहाल पंजाब के लिए भगवंत मान फिर से।”
घोषित 40 विधानसभा उम्मीदवारों की लिस्ट
आम आदमी पार्टी द्वारा जारी पहली आधिकारिक सूची में पंजाब के सभी अंचलों के सशक्त, निष्ठावान और जनप्रिय नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है:
बटाला विधानसभा सीट से अमनशेर सिंह (शेरी कलसी), अजनाला से कुलदीप सिंह धालीवाल, अमृतसर साउथ से डॉ. इन्दरबीर सिंह निज्जर, तरन तारन से हरमीत सिंह संधू, खेम करण से सरवन सिंह धुन, नकोदर से सुश्री इन्दरजीत कौर मान, करतारपुर से बलकार सिंह, दसूया से करमबीर सिंह घुमन, उड़मुड़ से जसवीर सिंह राजा गिल, होशियारपुर से ब्रम शंकर शर्मा जिम्पा, चब्बेवाल से इशांक कुमार चब्बेवाल, गढ़शंकर से जय कृष्ण सिंह रौड़ी, बलाचौर से सुश्री संतोष कटारिया, रूपनगर से दिनेश चड्ढा, एस.ए.एस. नगर से कुलवंत सिंह, फतेहगढ़ साहिब से लखबीर सिंह राय, अमलोह से गुरिंदर सिंह गैरी वड़िंग, समराला से जगतार सिंह दयालपुरा, लुधियाना ईस्ट से दलजीत सिंह ग्रेवाल भोला, आत्म नगर से कुलवंत सिंह सिद्धू, लुधियाना सेंट्रल से अशोक पराशर पप्पी, लुधियाना वेस्ट से संजीव अरोड़ा, लुधियाना नॉर्थ से चौधरी मदन लाल बग्गा, पायल से मनविंदर सिंह ग्यासपुरा, निहाल सिंह वाला से मंजीत सिंह बिलासपुर, बाघा पुराना से अमृतपाल सिंह सुखानंद, मोगा से डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, धरमकोट से देविंदर जीत सिंह लाडी ढोस, जलालाबाद से जगदीप कंबोज गोल्डी, फाजिल्का से नरिंदरपाल सिंह सावना, मुक्तसर से जगदीप सिंह काका बराड़, कोटकपूरा से कुलतार सिंह संधवां, जैतो से अमोलक सिंह, तलवंडी साबो से सुश्री बलजिंदर कौर, सरदूलगढ़ से गुरप्रीत सिंह बनवाली, भदौड़ से लाभ सिंह उगोके, महल कलां से कुलवंत सिंह पंडोरी, अमरगढ़ से जसवंत सिंह गज्जन माजरा, धूरी से मुख्यमंत्री भगवंत मान, तथा पटियाला विधानसभा सीट से अजीतपाल सिंह कोहली को प्रत्याशी बनाया गया है।
पंजाब के हर कोने में विकास की धारा बहाने के बाद, आम आदमी पार्टी का हर सिपाही अब जनता की अदालत में ‘काम की राजनीति’ का परचम लहराने के लिए पूरी तरह तैयार है।