पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर नई उदयपुर-चंडीगढ़ सुपरफास्ट ट्रेन का किया स्वागत
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक श्री गुलाब चंद कटारिया ने आज सुबह 8:50 बजे चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर उदयपुर से चंडीगढ़ के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन का स्वागत किया।
यह महत्वपूर्ण सुविधा राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया के व्यक्तिगत प्रयासों और केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी के साथ उनकी निरंतर पहल का परिणाम है। उनके प्रयासों से ही यह ट्रेन संभव हो पाई है, जो उदयपुर (राजस्थान) के लोगों के लिए एक बड़ी सौगात और सुविधा है। यह ट्रेन न केवल उदयपुर और चंडीगढ़ के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित करेगी, बल्कि दोनों शहरों के बीच पर्यटन और परिवहन को भी बढ़ावा देगी।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 25 सितंबर को बांसवाड़ा से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस सप्ताह में दो बार चलने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।
उदयपुर सिटी से चंडीगढ़ (20989): बुधवार और शनिवार को शाम 4:05 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 9:50 बजे चंडीगढ़ पहुँचेगी।
चंडीगढ़ से उदयपुर सिटी (20990): यह ट्रेन गुरुवार और रविवार को सुबह 11:20 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 5:25 बजे उदयपुर पहुँचेगी।
इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 2 सेकंड एसी, 6 थर्ड एसी, 2 थर्ड एसी इकोनॉमी, 6 सेकंड क्लास स्लीपर, 4 जनरल क्लास कोच और एक-एक पावर कार और गार्ड कम्पार्टमेंट शामिल हैं।
इस अवसर पर राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया ने भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में आए यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों का स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।