केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा अमृतसर पहुंचे, बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा
केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा आज अमृतसर पहुँचे। अमृतसर हवाई अड्डे पर उनके आगमन पर भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। वह आज बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और केंद्रीय राजमार्गों को हुए नुकसान का जायजा लेंगे।
वह अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरे, जहां से वह सीधे तरनतारन के लिए रवाना हो गए। तरनतारन में वह मुंडा गांव, सरहाली गांव और पंजवारा गांव का दौरा करेंगे, जिन्हें बाढ़ में काफी नुकसान हुआ है।
इसके बाद वह तरनतारन के उपायुक्त कार्यालय जाएंगे, जहां बाढ़ प्रभावित इलाकों को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। यह बैठक राज्य के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ होगी। बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन किया जाएगा और राहत प्रयासों पर चर्चा की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा आज ही तरनतारन का दौरा करेंगे। वह शाम को अमृतसर पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में रुकेंगे, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे।
बुधवार को वह अमृतसर के अजनाला और गुरदासपुर के डेरा बाबा नानक के बाढ़ प्रभावित इलाके का दौरा करेंगे। बैठकों का दौर पूरा करने के बाद वह शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।