यहां बनने जा रहा है देश का पहला डिज्नी लैंड, केंद्र ने दे दी मंजूरी

यहां बनने जा रहा है देश का पहला डिज्नी लैंड, केंद्र ने दे दी मंजूरी

हरियाणा सरकार दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में डिज्नी लैंड बनाने की तैयारी कर रही है। इसके साथ ही, सूरजकुंड पर प्रतिवर्ष तीन मेले आयोजित करने तथा अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव को बड़े स्तर पर मनाने के लिए केन्द्र सरकार से वित्तीय सहायता का अनुरोध किया गया है ताकि प्रदेश को विश्व स्तर पर तीर्थ स्थल के रूप में स्थापित किया जा सके।

इन परियोजनाओं के सिलसिले में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बुधवार को नई दिल्ली में केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के साथ हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने तथा इसे विश्व मानचित्र पर प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने के बारे में चर्चा की।

नायब सिंह सैनी ने कहा कि डिज़्नीलैंड हरियाणा, विशेषकर दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र के लिए एक बड़ा परिवर्तनकारी अवसर साबित होगा। यह डिज़्नीलैंड राज्य के साथ-साथ देश को आर्थिक, सांस्कृतिक और सामाजिक लाभ प्रदान करेगा।

इस परियोजना का उद्देश्य बाजार और कनेक्टिविटी का लाभ उठाकर विश्व स्तरीय मनोरंजन केंद्र बनाना है। इस परियोजना से हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष नौकरियां पैदा होंगी, बुनियादी ढांचे का विकास होगा और आसपास के क्षेत्रों के विकास में भी बड़ा बदलाव आएगा।