हिसार में 3 बजे तक 51.25 फीसदी वोटिंग, आदमपुर में सबसे ज्यादा तो हिसार विधानसभा में सबसे कम

हिसार में 3 बजे तक 51.25 फीसदी वोटिंग, आदमपुर में सबसे ज्यादा तो हिसार विधानसभा में सबसे कम

हरियाणा में वोटिंग जारी है, हिसार की सात विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। जिनमें आदमपुर में सबसे ज्यादा 54.60 फीसदी लोग दोपहर तीन बजे तक मतदान कर चुके हैं। आदमपुर सीट की बात करें तो यहां अब तक सबसे ज्यादा 54.60 फीसदी लोग मतदान कर चुके हैं। यहां से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई बीजेपी की ओर से चुनावी मैदान में हैं।

वहीं हिसार विधानसभा सीट पर सबसे कम 46 फीसदी लोगों ने ही अब तक वोट किया है। जिले की दूसरी विधानसभा सीटों की बात करें तो बरवाला में 49.30 फीसदी लोग वोट डाल चुके हैं। हांसी में 52.10 फीसदी लोगों ने वोट किया। जबकि नलवा में 54.30 फीसदी नारनौंद में 53.20 फीसदी और उकलाना में 49.30 फीसदी लोग मतदान कर चुके हैं।

आपको बता दें कि हिसार में छुटपुट घटनाएं भी देखने को मिली, जहां हिसार के खांडा खेड़ी गांव में पूर्व वित्त मंत्री और नारनौंद से बीजेपी प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु और कांग्रेस उम्मीदवार जस्सी पेटवाड़ के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों के बीच खूब लात-घूंसे भी चले।

ये झगड़ा बोगस वोटिंग को लेकर हुआ बताया जा रहा है। दोनों पक्षों एक-दूसरे पर फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया। पुलिस ने बीच में आकर मामला शांत करवाया।

दूसरी ओर नारनौंद के गांव डाटा में बूथ नंबर 69 पर इनेलो के बूथ एजेंट कुलदीप को पीटा गया। ये मारपीट कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने की। बताया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ता फर्जी मतदान कर रहे थे।जब इसका वीडियो बनाने पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए तो इनेलो बूथ एजेंट कुलदीप उनका बीच-बचाव करने पहुंचे और इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें ही पीट दिया।

वहीं आदमपुर के बालसमंद में बूथ नंबर 167 पर कुछ देर के लिए वोटिंग रोकने की भी घटना हुई। यहां बूथ अधिकारियों ने खाना खाने के लिए वोटिंग रुकवा दी। इस दौरान मतदाता लाइन में खड़े परेशान होते रहे।

आपको बता दें कि शाम छह बजे तक मतदान जारी रहेगा। छह बजे तक लाइन में लगे लोगों से मतदान करवाया जाएगा। आज हो रही है वोटिंग का रिजल्ट 8 अक्टबूर को आए।