अमेरिका में एयरपोर्ट पर विमान में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, पढ़ें पूरी खबर

अमेरिका में एयरपोर्ट पर विमान में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, पढ़ें पूरी खबर

अमेरिका के डेनवर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान में आग लग गई, जिसके बाद यात्रियों को तुरंत बाहर निकालने के लिए कार्रवाई की गई। हवाई अड्डे के प्रवक्ता ने मीडिया को बताया कि विमान गेट ‘सी38’ पर था जब दोपहर में आग लग गई। एक तस्वीर में विमान के चारों ओर से धुआं निकलता हुआ देखा गया। प्रवक्ता ने बताया कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और दमकल कर्मियों ने शाम तक आग पर काबू पा लिया।

इस बीच, डेनवर में विकलांगों और जरूरतमंदों के लिए एक आवासीय सुविधा में विस्फोट और ट्रांसफार्मर में आग लगने से 10 लोग घायल हो गए और कई लोगों को वहां से निकालना पड़ा। डेनवर अग्निशमन विभाग के एक बयान के अनुसार, यह घटना बुधवार को ईस्टर्न स्टार मेसोनिक रिटायरमेंट कैम्पस में हुई और अग्निशमन कर्मियों ने आग पर काबू पा लिया है।

विभाग के प्रवक्ता कैप्टन लुइस सेडिलो ने कहा कि घटना के बाद आवासीय केंद्र से 87 अन्य लोगों को निकाल दिया गया और इसे बंद कर दिया गया। कोलोराडो के अमेरिकन रेड क्रॉस ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उसकी आपदा टीम ने भी घटना के बाद मदद की तथा केंद्र से निकाले गए लोगों के लिए सुरक्षित अस्थायी आवास ढूंढने का काम कर रही है।