थप्पड़बाज मंत्री के पीडब्ल्यूडी की तिलक नगर के बाद दीनपुर छावला सड़क भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी – सौरभ भारद्वाज

थप्पड़बाज मंत्री के पीडब्ल्यूडी की तिलक नगर के बाद दीनपुर छावला सड़क भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी – सौरभ भारद्वाज

नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह ने तिलक नगर के बाद शनिवार को थप्पड़बाज मंत्री प्रवेश वर्मा के पीडब्ल्यूडी की एक और सड़क में हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया है। झटिकरा गांव तक जाने वाली यह दीनपुर छावला सड़क भी इतनी घटिया क्वालिटी की बनी है कि हाथ से बड़ी आसानी से उखड़ रही है। बीते रविवार को भी उन्होंने तिलक नगर में ही मंत्री के सामने ही सड़क निर्माण में हुए भ्रष्टाचार की पोल खोली थी। एक और नव निर्मित सड़क के उखड़ने पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पीडब्ल्यूडी विभाग के कामकाज पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि नई बनी पीडब्ल्यूडी की सड़कें इतनी खराब हालत में क्यों हैं कि हाथ से ही उखड़ जा रही हैं? यह तो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार का मामला लग रहा है और इसकी जांच होनी चाहिए।

उधर, तिलक नगर से ‘‘आप’’ विधायक जरनैल सिंह ने सोशल मीडिया पर हाथों से उखड़ रही सड़क का वीडियो साझा कर कहा कि पूरी दिल्ली से लोग इसी तरह सड़कें उखाड़ कर दिखा रहे हैं और सरकार को इसका जवाब देना ही पड़ेगा। केवल थप्पड़ मारने से काम नहीं चलेगा। रेखा गुप्ता सरकार आखिर कितने लोगों के मुंह बंद कराएगी? दिल्ली की हर गली से सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी आवाजें उठेंगी, लेकिन जवाब देने के बजाय सरकार के मंत्री लोगों को थप्पड़ मार रहे हैं।

जरनैल सिंह ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, देश के गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब मांगते हुए कहा कि करोड़ों रुपए की लागत से बन रही इन सड़कों को लोग हाथों से उखाड़ रहे हैं। भ्रष्टाचार की जांच कराने, इंजीनियरों को सस्पेंड करने और ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट करने के बजाय, भाजपा के मंत्री थप्पड़ मारकर लोगों का मुंह बंद कराना चाहते हैं, लेकिन अब लोगों के मुंह बंद नहीं होंगे।

जरनैल सिंह ने पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कोई बहानेबाजी नहीं चलेगी, क्योंकि न तो यहां किसी ने टेंपरेरी सड़क बनाने की मांग की थी और न ही यह सड़क चार-छह घंटे पहले बनी है। यह सड़क 4-5 दिन पुरानी है और बिल्कुल मलाई की तरह उखड़ रही है। हमारे देश के अंदर यह क्या हो रहा है? भाजपा की सरकार बनने के बाद दिल्ली में इस कदर का भ्रष्टाचार हो रहा है कि सड़कें मलाई की तरह उखड़ रही हैं।

जरनैल सिंह ने कहा कि अमित शाह शरीफ और ईमानदार लोगों पर सीबीआई की जांच बिठाते हैं। दिल्ली की इन सड़कों की जांच वे कब करवाएंगे? इन्हें महिलाएं भी एक हाथ से उखाड़ दे रही हैं। दिल्ली में एक और सड़क बिल्कुल कारपेट की तरह उखड़ रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जवाब देने से क्यों बच रही हैं और उन्होंने जवाब देने के लिए अहंकारी मंत्री प्रवेश वर्मा को क्यों भेजा, जिसने भ्रष्टाचार उजागर होते देख सवाल पूछने वाले और रिकॉर्डिंग करने वाले युवक को थप्पड़ मार दिया। आज सरकारी विभागों में यह बात बहुत आम हो गई है कि कोई भी ईमानदार आदमी काम कर ही नहीं सकता, क्योंकि नीचे से ऊपर तक कमीशन का जाल बिछा हुआ है।

जरनैल सिंह ने कहा कि अगर लोगों को लगता है कि सरकारी काम ईमानदारी से होना चाहिए, तो वे इस मुहिम से जुड़ें। हम इसे देशव्यापी बनाएंगे ताकि जहां भी सड़कें बन रही हैं, जनता खुद उन कामों का ऑडिट कर सके। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से निवेदन किया कि दिल्ली की सड़कों में हो रहे इस भ्रष्टाचार पर वह स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करे।