‘पंजाब में धान का एक-एक दाना खरीदेगी एजेंसियां’, बयानों से घबराने की नहीं जरूरत, केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू का दावा, 44 हजार करोड़ जारी किए और भी करेंगे
पंजाब की मंडियों में चल रही धान खरीद पर केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का बड़ा बयान आया है। केंद्रीय राज्यमंत्री ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के जरिए कहा कि पंजाब की मंडियों में जब तक धान की खरीद नहीं हो जाती है तब तक केंद्रीय एजेंसियों की ओर से खरीद जारी रखी जाएगी।
उन्होंने ये भी कहा कि अब तक केंद्र सरकार की ओर से 44 हजार करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि भी जारी की जाएगी। रवनीत बिट्टू ने कहा कि कुछ नेताओं की ओर से दिए जा रहे बयानों से घबराने की जरूरत नहीं।

केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि केंद्रीय एजेंसियां मंडियों में तब तक खरीद जारी रखेंगी, जब तक कि धान का एक-एक दाना नहीं खरीदा जाता है।उन्होंने लिखा कि केंद्र सरकार ने पंजाब में खरीद के लिए पहले ही 44 हजार करोड़ आवंटित कर दिए हैं और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त धनराशि देने को तैयार है।
जब तक एजेंसियों की ओर से सारा अनाज नहीं खरीदा जाता, तब तक कोई भी मंडी बंद नहीं होगी। मैं पंजाब के किसानों को भरोसा दिलाता हूं कि केंद्र सरकार एक-एक दाना खरीदेगी और कुछ नेताओं के भ्रामक बयानों से घबराने की जरूरत नहीं है।
यहां आपके लिए यह जानना जरूरी है कि बीते कल पंजाब के किसानों ने चंडीगढ़ स्थित अनाज भवन में पंजाब सरकार के अधिकारियों से मीटिंग की थी जिसमें ये मांग की गई थी कि मंडियों को बंद ना किया जाए। साथ ही जो कट लगाया जा रहा है उसकी भरपाई की जानी चाहिए। वहीं किसान मजदूर मोर्चा ने कहा है कि 10 नवंबर तक अगर धान का उठान नहीं हुआ तो 11 नवंबर को संघर्ष का ऐलान करेंगे।
ऐसे में केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का यह सोशल मीडिया पोस्ट जरूर किसानों को राहत प्रदान करेगा। और धान उठान को लेकर बनी उनकी चिंता को भी जरूर कम करेगा।