लुधियाना में दंपत्ति फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, 10 हजार रुपये की बनी थी महिला गारंटर, पैसे वापस ना लौटाए तो आरोपी ने कर दिया जानलेवा हमला
लुधियाना के दंपत्ति पर फायरिंग के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। फायरिंग से घायल हुई लुधियाना के कस्बा मुल्लांपुर के इलाके प्रेम नगर की महिला ने हमले के बारे में बताते हुए कहा कि गोली मारने वाले आरोपी का नाम सुरिंदर छिंदा है। जो हिस्सोवाल गांव का रहने वाला है। महिला ने बताया कि आरोपी छिंदा ने सिर्फ 10 हजार रुपये के लिए उनके घरवाले और उन पर फायरिंग की है।
महिला ने बताया कि उसने छिंदा से 10 हजार रुपये किसी जानकार को दिलाए थे। पैसे वापस करवाने के लिए वो गारंटर बनी थी। जिस जानकार को उसने पैसे दिलवाए थे उसने कुछ पैसे तो छिंदा को लौटा दिए थे लेकिन कुछ पैसे बाकी रहते थे। अब जब व्यक्ति ने बकाया पैसे वापस नहीं लौटाए तो छिंदा ने उसकी दुकान पर आकर उससे बदतमीजी की। इस पर महिला ने अपने पति राजकुमार को बुलाया तो आरोपी छिंदा ने उन दोनों पर ही फायरिंग कर दी। इस फायरिंग में दोनों पति-पत्नी घायल हो गए जिन्हें पहले सिविल अस्पताल भेजा गया और फिर दोनों को लुधियाना रेफर कर दिया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर किया है।
बताया जा रहा है कि महिला की छाती में दो गोलियां लगी हैं। जबकि उसके पति राजकुमार यादव को एक गोली लगी है। वहीं पुलिस भी घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर रही है। वहीं एसएसएपी देहात नवनीत सिंह बैंस, मुल्लांपुर के डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा और एसएचओ गुरविंदर सिंह, सीआईए से सब इंस्पेक्टर चमकौर सिंह अपनी टीमों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अब देखना होगा कि पुलिस कब तक आरोपी को पकड़ने में कामयाब हो पाती है। लेकिन इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।