हिसार पहुंचे CM नायब सैनी, राज्य स्तरीय शहरी स्थानीय निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन में किया शिरकत
हिसार के गुरु जंभेश्वर विश्वविद्यालय के चौधरी रणवीर सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय शहरी स्थानीय निकाय जनप्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंच गए हैं। उनके साथ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री सुभाष सुधा, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा, हांसी से विधायक विनोद भयाणा, बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग, एसीएस विकास गुप्ता, यूएलबी निदेशक यशपाल भी मौजूद हैं।
इस सम्मेलन में प्रदेश भर से करीब 2 हजार जनप्रतिनिधि पहुंचे हैं। हालांकि नगर निगम की तरफ से 3 हजार लोगों की व्यवस्था की हुई है। इस सम्मेलन के माध्यम से प्रदेश सरकार शहरी जनप्रतिनिधियों को साधने की कोशिश कर रही है। संभावना है कि सम्मेलन में जनप्रतिनिधियों के लिए कोई बड़ी घोषणा भी की जा सकती है। वहीं जनप्रतिनिधि भी विधायक व सांसदों की तरफ उनके लिए भी पेंशन शुरू करने की मांग उठा सकते हैं।