CM नायब सैनी की हरियाणावासियों को बड़ी सौगात, सभी सरकारी अस्पतालों में फ्री डायलिसिस की मिलेगी सुविधा, किसानों से कहा-फसल का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार

CM नायब सैनी की हरियाणावासियों को बड़ी सौगात, सभी सरकारी अस्पतालों में फ्री डायलिसिस की मिलेगी सुविधा, किसानों से कहा-फसल का एक-एक दाना खरीदेगी सरकार

हरियाणा के मुख्यमंत्री अपना कार्यभार संभाल चुके हैं। कार्यभार संभालने के बाद ही सीएम सैनी ने नई सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग भी की, जिसमें कुछ महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।  

मुख्यमंत्री ने मीटिंग के निर्णयों के बारे में बताते हुए कहा कि किसानों को स्पष्ट करना चाहते हैं कि उनकी फसल का एक-एक दाना MSP पर खरीदा जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसानों के खाते में धान की खरीद के लिए 3 हजार 56 करोड़ रुपये सीधा उनके खातों में पहुंचाना है। सीएम सैनी ने बताया कि 17 अक्टूबर तक 3 लाख 44 हजार मीट्रिक टन बाजरे की आवक हुई है। इसमें से 2 लाख मीट्रिक टन से ज्यादा की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि 331 करोड़ रुपये बाजरा किसानों के खाते में पहुंचा दिया गया है।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने इस मौके पर ये भी कहा कि जो योजनाएं पहले से चल रही हैं उन्हें वैसे ही नॉन स्टॉप रखा जाएगा, आगे उन्होंने कहा कि सुशासन हमारी सरकार का मूल मंत्र होगा। सीएम सैनी ने कहा कि सब वर्गों का हित सुरक्षित रखने वाली नीतियां मुझे विरासत में मिली हैं। हरियाणा में खुशहाली के और रंग भरने के लिए हम संकल्पित हैं।

सीएम नायब सैनी ने अपने संबोधन में ये साफ किया कि उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के हिसाब से ही चलेगी। और आने वाले पांच साल में उनकी सरकार पीएम मोदी की नीतियों का अनुसरण करते हुए चलेगी। सरकार गरीब, महिला, किसान के हितों में काम करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हमने लगातार बिना पर्ची और खर्ची के युवाओं को नौकरी देने का वादा पूरा किया है।

हरियाणा के युवाओं को नौकरियां देने के विषय में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने विश्वास करके इस पद की जिम्मेदारी दी थी। मैंने उस दौरान वादा किया था कि 50 हजार नौकरियां दंगे। उनमें से 15 हजार को नौकरियां दे चुके हैं, 25 हजार को देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस युवाओं के हित की सिर्फ बात करती है, वो सरकारी नौकरी को बिजनेस के रूप में देखती थी। एक नौकरी में उनको कितना लाभ होगा। अपनी सरकार की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि ये पहली बार है कि हरियाणा में युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी मिल रही है। अभी तक इसे मनोहर लाल ने आगे बढ़ाया है। अब ये जिम्मेदारी मेरी है कि मैं बिना पर्ची-बिना खर्ची के युवाओं को नौकरी दूं।

कांग्रेस पर फिर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सरकारी  नौकरियों की भर्तियों को कोर्ट में ले जाकर छोड़ा वो सोचती थी कि जब सरकार बनेगी तो हर विधायक का कोटा तय होगा।

उन्होंने आगे कहा कि हमें ये मालूम है कि कांग्रेस ने हाईकोर्ट में लिखित रूप में कहा कि HSSC लाला की दुकान है। लेकिन हरियाणा के लोगों ने बीजेपी पर पूरा विश्वास किया। नायब सैनी ने कहा कि हमने कहा था कि मैं शपथ बाद में लूंगा, पहले 25 हजार युवाओं को नौकरी पहले दूंगा। आज मैंने भी ज्वाइन किया है, और उन युवाओं ने भी किया है।  

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पदभार संभालते ही हरियाणा राज्य की जनता के हित में फैसला लेता हुए कहा कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में गंभीर किडनी रोगियों को फ्री डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। और साथ ये भी कहा कि भविष्य में सभी मेडिकल कॉलेजों में भी इस फ्री सुविधा का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे लोग या तो प्रदेश छोड़ देंगे, नहीं तो हम सुधार कर देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार का वादा है कि हर व्यक्ति की रक्षा-सुरक्षा हम करेंगे।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने विधानसभा का सत्र बुलाने के मुद्दे पर कहा कि कैबिनेट में इस पर चर्चा की है। एक या दो दिन में तारीख तय हो जाएगी। उन्होंने कहा कि त्यौहार हैं, त्यौहार के बाद हम सेशन बुला लेंगे।