दिल्ली की मंत्री आतिशी का हरियाणा पर आरोप, ‘हरियाणा ने वो गेट बंद किया जिससे दिल्ली के लिए पानी छोड़ते हैं’

दिल्ली की मंत्री आतिशी का हरियाणा पर आरोप, ‘हरियाणा ने वो गेट बंद किया जिससे दिल्ली के लिए पानी छोड़ते हैं’

दिल्ली में जल संकट को लेकर दिल्ली की जल मंत्री आतिशी अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी हैं। अनशन के तीसरे दिन उन्होंने दिल्ली वासियों को संदेश दिया जिसमें उन्होंने कहा कि हरियाणा के हथिनीकुंड में पानी भरा हुआ है लेकिन हरियाणा सरकार ने दिल्ली को पानी छोड़ने वाले गेट बंद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने दिल्ली के हक के पानी पर ताला लगाया है। जब तक दिल्ली की जनता को उनके हक का पानी नहीं मिल जाता तब तक ‘पानी सत्याग्रह’ जारी रहेगा।

आतिशी ने कहा, 'मैं इस अनशन पर इसीलिए बैठी हूं क्योंकि दिल्ली में पानी का बहुत संकट है। दिल्ली में अपना पानी नहीं है। दिल्ली का सारा पानी पड़ोसी राज्यों से आता है। दिल्ली में कुल पानी 1005 एमजीडी है, जिसमें से 613 एमजीडी (यानी मिलियन गैलन प्रति दिन) हरियाणा से आता है लेकिन पिछले 3 हफ्ते से हरियाणा ने अपना पानी कम कर दिया है। वो दिल्ली को पानी नहीं दे रहे हैं। हरियाणा सरकार कहती है कि हमारे पास पानी नहीं है लेकिन कल कुछ पत्रकार हथिनी कुंड बैराज गए और दिखाया कि हथिनी कुंड बैराज में पानी है लेकिन जिस गेट से दिल्ली के लिए पानी छोड़ा जाता है वो बंद कर दिया गया है और वहां से पानी नहीं छोड़ा जा रहा है।

उधर दूसरी ओर बीजेपी ने दिल्ली की जल मंत्री आतिशी के इस धरने को प्रशासनिक अराजकता बताया। उन्होंने कहा कि सत्याग्रह एक पवित्र आंदोलन है जिसे महात्मा गांधी, लाला लाजपत राय समेत कई बड़े नेताओं ने अंग्रेज शासकों के खिलाफ जनजागरण के लिए शुरू किया था, उनके सत्याग्रह में एक मंच होता था, वहीं दिन रात बैठककर जनता से जुड़ते थे। लेकिन ऐसा लगता है कि आतिशी एक फाइव स्टार सत्याग्रह कर रही हैं, वे चार घंटे मंच पर बैठती हैं और 18 घंटे मंच के पीछे एयरकंडीशन कमरे में चली जाती हैं। दिल्ली के लोग स्तब्ध हैं कि ये कैसा अनशन है जिसमें अनशनकारी हर फाइव स्टार सुख सुविधा को भोग रहा है। यह सत्याग्रह आंदोलन की पवित्रता का अपमान है।

बीजेपी का कहना है कि आतिशी सत्याग्रह की मूल भावना को ठेस पहुंचा रही हैं। एक मंत्री का धरना देना भूख हड़ताल की बात करना हास्यास्पद लगता है। मंत्री का काम जनता की सुविधा के लिए काम करना होता है। अगर सच में उन्हें लगता है कि दिल्ली में जल की कमी है और हरियाणा सरकार अतिरिक्त जल नहीं दे रही है तो वे अपनी पार्टी की पंजाब सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान से पानी मांग लेतीं।

आतिशी हरियाणा से अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर भोगल के जंगपुरा स्थित सैनी चौपाल में शुक्रवार से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी हैं।