दिल्ली विधानसभा चुनाव आज, दिल्लीवासियों ने सुबह से शुरू किया मतदान
दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए बुधवार सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, राहुल गांधी, विदेश मंत्री एस जयशंकर और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने वोट डाला। सुबह 9 बजे तक 8.10% मतदान हुआ है।
दिल्ली में 1.56 करोड़ लोग शाम 6 बजे तक मतदान कर सकेंगे। इसके लिए करीब 13 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
लोकसभा चुनाव में इंडिया ब्लॉक का हिस्सा रहीं पांच पार्टियां दिल्ली चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। इनमें से आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस सभी 70 सीटों पर आमने-सामने हैं।
इसके साथ ही भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) ने 6 सीटों पर, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (सीपीएम) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी लेनिनवादी (सीपीआई-एमएल) ने 2-2 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
भाजपा ने 68 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किये हैं। दो सीटें गठबंधन दलों को दी गई हैं। इसमें जनता दल-यूनाइटेड (जेडीयू) ने बुराड़ी और लोक जनशक्ति पार्टी- रामविलास (एलजेपी-आर) ने देवली सीट से अपना उम्मीदवार उतारा है।
महाराष्ट्र में भाजपा की सहयोगी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) 30 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। शिवसेना प्रमुख और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी सीटों पर भाजपा को समर्थन दिया है।