प्रेमिका की हत्या, शव जलाया, लाल सूटकेस में किया पैक ... तीन दिन बाद आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

प्रेमिका की हत्या, शव जलाया, लाल सूटकेस में किया पैक ... तीन दिन बाद आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

बठिंडा में मलौट रोड पर गांव बहमन दीवाना के पास सूटकेस में मिली युवती की ब्लाइंड मर्डर के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लगातार तीन दिन की कड़ी मेहनत के बाद बठिंडा पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले को सुलझा लिया है।

शुरुआती जांच में पता चला है कि युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके कथित प्रेमी ने की है, जिसके साथ वह घर छोड़ने के बाद रह रही थी। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने आरोपी प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है।

हत्या के कारणों को लेकर कई पहलुओं पर जांच चल रही है। संभावना है कि इस मामले में सीनियर पुलिस अधिकारी आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरी घटना और हत्या के कारणों का खुलासा कर सकते हैं।

मृतक की पहचान बाघापुराना की रहने वाली मलिका के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोगा जिले की रहने वाली थी। दो दिन पहले बठिंडा-मलोट मेन रोड पर एक लाल सूटकेस से युवती का शव बरामद हुआ था। DSP परविंदर सिंह सरां और SHO जसविंदर सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब सूटकेस खोला गया तो युवती का आधा जला हुआ शव मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस जांच में यह भी पता चला कि युवती के गले और शरीर के दूसरे हिस्सों पर धारदार हथियारों के गहरे निशान थे। इससे साफ था कि हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की गई और फिर उसे सूटकेस में भरकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।

पुलिस फिलहाल आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस बेरहमी से की गई हत्या ने एक बार फिर समाज में बढ़ते अपराधों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।