हरियाणा सरकार का फैसला, प्रदेश में कैमरे की निगरानी में बंटेगा राशन, खाद्य आपूर्ति विभाग की बैठक में आदेश जारी, समय पर खुलेंगे डिपो
हरियाणा प्रदेश के राशन डिपो में अब सीसीटीवी लगाए जाएंगे। चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार के खाद्य आपूर्ति विभाग की बैठक में इसका निर्णय लिया गया जिसके बाद इस बारे में आदेश जारी किए गए। बताया जा रहा है कि ऐसा करने से डिपो में होने वाली चोरी और राशन ना मिलने की शिकायतों पर काफी हद तक कमी आएगी। आपको बता दें कि इन सीसीटीवी को सेंट्रलाइज्ड किया जाएगा।
आज चंडीगढ़ में हरियाणा निवास पर हुई हरियाणा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की बैठक में ये निर्णय लिया गया। इस बैठक की अध्यक्षता राज्यमंत्री राजेश नागर ने की। इस मौके पर राज्यमंत्री ने राशन डिपो पर खाद्य सामग्री के समय पर वितरण करने के लिए निर्देश दिए। साथ ही मंत्री राजेश नागर ने कहा कि पूरे महीने राशन की दुकानें समय से खुलेंगी। अगर इस बारे में किसी की शिकायत आती है या फिर कोई व्यक्ति समय पर राशन डिपो नहीं खोल रहा है तो उसका लाइसेंस रद्द किया जाएगा।
मीटिंग के बाद मीडिया से बातचीत में राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि आम लोगों को किसी तरह से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सर्दियों में अब सुबह 8 बजे से 12 बजे तक और शाम को 5 बजे से 8 बजे तक राशन डिपो खुले मिलेंगे और पूरा दिन राशन मिलेगा।
मंत्री राजेश नागर ने कहा कि राशन वितरण में कोताही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। गरीबों को उनका हक समय पर मिले ये सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने ये भी कहा कि राशन वितरण प्रणाली में आने वाली कमियों को जल्द दूर किया जाएगा। और समय पर राशन वितरण के लिए व्यवस्था बनाई जाएगी।
आपको बता दें कि पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत हरियाणा में 32 लाख परिवार पीडीएस योजना का लाभ उठा रहे हैं। मौजूदा समय में हरियाणा में 9,434 उचित मूल्य की दुकानें हैं, जिन पर स्वचालित पीओएस मशीनों के जरिए लोगों को राशन दिया जा रहा है।