JJP-ASP गठबंधन ने जारी किया अपना मेनिफेस्टो, एक लाख महिलाओं को सरकारी नौकरी का वादा, बुजुर्गों को 5100 पेंशन

JJP-ASP गठबंधन ने जारी किया अपना मेनिफेस्टो, एक लाख महिलाओं को सरकारी नौकरी का वादा, बुजुर्गों को 5100 पेंशन

JJP-ASP गठबंधन ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया है।आपको बता दें कि हरियाणा विधानसभा चुनाव से ठीक 6 दिन पहले गठबंधन ने अपना मेनिफेस्टो जारी किया है। दुष्यंत चौटाला और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर इस घोषणा पत्र को जारी किया है। उन्होंने घोषणापत्र को जनसेवा पत्र नाम दिया है। मेनिफेस्टो जारी करते हुए हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने साढ़े चार साल हरियाणा सरकार में रहने के दौरान किए गए अपने काम भी गिनाए।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मात्र 10 विधायकों के साथ हरियाणा सरकार में शामिल हुई जननायक जनता पार्टी ने साढ़े चार साल सरकार में रहते हुए हरियाणा के किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के हितों की लड़ाई लड़ी और अनेक कार्य प्रदेश हित में किए।


अपने घोषणापत्र के बारे में बताते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जेजेपी-एएसपी गठबंधन सरकार बनने पर हरियाणा में पैदा होने वाली हर फसल को सरकार एमएसपी पर खरीदेगी। उन्होंने कहा कि फसल खराब होने पर 25 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा किसानों को दिया जाएगा। इसके अलावा जननायक फसल सुरक्षा स्कीम शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए फसल बीमा योजना का प्रीमियम सरकार वहन करेगी।

दुष्यंत चौटाला ने अपने घोषणा पत्र में नौकरियों के बारे में बताते हुए कहा कि गठबंधन सरकार बनने पर प्राइवेट नौकरियों में प्रदेश के युवाओं को 75 फीसदी आरक्षण देने के केस की सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करके उसे प्रभावी तरीके से लागू किया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को नौकरी और उच्च शिक्षा के दाखिले में पांच अंक अतिरिक्त दिए जाएंगे। जींद जिले के लिए घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि जींद में आईआईटी स्थापित करने के प्रयास किए जाएंगे। वहीं झज्जर जिले में अंतरराष्ट्रीय स्तर का खेल स्टेडियम स्थापित किया जाएगा। सोनीपत में कबड्डी स्टेडियम स्थापित किया जाएगा। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हिसार में आधुनिक फिल्म सिटी स्थापित की जाएगी।

महिलाओं के लिए बड़ी घोषणा करते हुए दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में गठबंधन सरकार बनने पर एक लाख महिलाओँ को सरकारी नौकरी दी जाएगी। भिवानी जिले में एजुकेशन सिटी का निर्माण भी किया जाएगा। साथ ही बेरोजगार युवाओं के लिए भी मेनिफेस्टो में बात रखी गई है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि अगर हरियाणा में जेजेपी-एएसपी गठबंधन सरकार बनती है तो हरियाणा के बेरोजगार युवाओं को प्रतिमाह 11 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देगी, इसके अलावा हरियाणा के बुजुर्गों को 5100 रुपये पेंशन दी जाएगी।

आपको बता दें हरियाणा में 5 अक्टूबर को चुनाव हैं और 8 अक्टूबर को नतीजे आने हैं। हरियाणा में जेजेपी-एएसपी साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं। दुष्यंत चौटाला खुद उचाना कलां से चुनावी मैदान में हैं।