19 नवंबर को शपथ लेंगे पंजाब के नए पंच, ज़िला स्तर पर आयोजित होंगे प्रोग्राम, जानिए चार जिलों के पंच अभी क्यों नहीं लेंगे शपथ?
पंजाब के नए चुने गए सरपंचों के बाद अब पंचों का शपथ ग्रहण समारोह होगा। यह शपथ ग्रहण समारोह 19 नवंबर को आयोजित किया जाएगा. इसके लिए जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिसमें राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल होंगे. इस बारे में पंचायत विभाग की ओर से सभी डिलों के डीसी को आदेश जारी कर दिए गए हैं। आपको बता दें कि बेशक ये शपथ ग्रहण समारोह जिला स्तरीय होगा लेकिन इसमें इंतजाम सरपंचों के राज्य स्तरीय शपथ समारोह जैसे ही होंगे।
इस बीच चार जिले ऐसे भी हैं जहां पंचों का शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। अब ये जिले कौन से हैं ? और वहां शपथ ग्रहण क्यों नहीं हो रहा है ? इसका जवाब है कि चार जिले जिनमें होशियारपुर, गुरदासपुर, बरनाला और श्री मुक्तसर साहिब शामिल हैं इनमें पंचों का शपथ ग्रहण समारोह नहीं होगा। और यह शपथ ग्रहण इसलिए नहीं होगा क्योंकि इन जिलों में विधानसभा की चार सीटों पर उपचुनाव है जिसके चलते इन जिलों के पंचों को चुनाव के बाद शपथ दिलवाई जाएगी।
आपको बता दें कि पंजाब में इस बार 83 हजार कुल पंच चुनकर आए हैं। इन पंचों के शपथ ग्रहण समारोह की जिम्मेदारी जिले के डीसी को सौंपी गई है। साथ ही इन शपथ ग्रहण समारोहों में मंत्री भी शामिल होंगे। आपको याद होगा कि इससे पहले लुधियाना में सरपंचों का शपथ ग्रहण समारोह हुआ था जिसमें 11 हजार के करीब सरपंच अपने परिवार समेत शामिल हुए थे। अब क्योंकि पंचों की संख्या ज्यादा है और ऐसे में इतने लोगों का इंतजाम एक साथ करना मुश्किल है। इसलिए पंचों का शपथ ग्रहण समारोह जिला स्तर पर करवाने का निर्णय लिया गया। हालांकि इस शपथ ग्रहण समारोह में भी इंतजाम राज्य स्तर के ही होंगे।
यहां यह बताना जरूरी है कि इस बार पंजाब में पंचायत चुनाव पार्टी निशान पर नहीं हुए थे। क्योंकि पंजाब सरकार की ओर से इस बारे में विधानसभा में पंचायत राज संशोधन बिल पास किया था सरकार ने इसके पीछे तर्क दिया था कि गांवों में पार्टीबाजी के चक्कर में नुकसान नहीं होना चाहिए और साथ ही सरकार की ये भी सोच थी कि सरपंच पार्टी का ना होकर गांव का होना चाहिए इसीलिए इस बार पंचायत चुनाव पार्टी निशान पर नहीं हुए थे।