राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जुलाई से जाएंगी मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया की तीन देशों की यात्रा पर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जुलाई से जाएंगी मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया की तीन देशों की यात्रा पर

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस महीने की 19 तारीख से मोल्दोवा, नॉर्थ मैसेडोनिया और रोमानिया की तीन देशों की यात्रा पर रहेंगी।

20 तारीख को राष्ट्रपति मोल्दोवा का दौरा करेंगी और वहां अपनी समकक्ष माया संदू से मुलाकात करेंगी और प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगी। वह मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु से भी मिलेंगी और मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से बातचीत करेंगी।

इसके अलावा, राष्ट्रपति एक बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों से बातचीत करेंगी। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति की मोल्दोवा की पहली यात्रा होगी।

अपनी यात्रा के दूसरे चरण में, राष्ट्रपति मुर्मू इस महीने की 21 तारीख से नॉर्थ मैसेडोनिया का दौरा करेंगी। यह भी किसी भारतीय राष्ट्रपति की नॉर्थ मैसेडोनिया की पहली यात्रा होगी।

यात्रा के दौरान, सुश्री मुर्मू अपनी समकक्ष गोर्डाना सिलजानोव्स्का-दावकोवा के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगी और प्रधानमंत्री क्रिस्टिजान मिकोस्की और असेंबली के अध्यक्ष से भी मिलेंगी। उनके नॉर्थ मैसेडोनिया की असेंबली को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। इसके अलावा, राष्ट्रपति भारत-नॉर्थ मैसेडोनिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी।

अपनी राजकीय यात्रा के अंतिम चरण में, राष्ट्रपति मुर्मू 23 तारीख से रोमानिया का दौरा करेंगी। दो दिन की यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति रोमानिया के राष्ट्रपति निकुसोर डैन, रोमानिया के अंतरिम प्रधानमंत्री इली बोलोजान, सीनेट के अध्यक्ष मिर्सिया अब्रुडियन और चैंबर ऑफ डेप्युटीज़ के अध्यक्ष सोरिन ग्रिंडियानु से मिलेंगी।

उनके रोमानिया-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से मिलने का भी कार्यक्रम है। बाद में, राष्ट्रपति मुर्मू भारत-रोमानिया बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बातचीत करेंगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि राष्ट्रपति मुर्मू की तीन देशों की राजकीय यात्रा इन देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और व्यापक पूर्वी यूरोपीय क्षेत्र के साथ जुड़ाव बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।