सोनीपत के कांग्रेस प्रत्याशी 24 घंटे बाद भी रिहा नहीं, वकील ने कहा-अभी हाथ में नहीं आए ऑर्डर, तीन महीने से जेल में हैं सुरेंद्र पंवार
एनफोर्समेंट डायरेक्टोरेट ( ED) की ओर से 20 अगस्त को गिरफ्तार किए सोनीपत के कांग्रेस विधायक सुरेंद्र पंवार अभी जेल से बाहर नहीं आए हैं। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने उनका केस रद्द कर दिया है।लेकिन केस रद्द होने के 24 घंटे बाद भी पंवार जेल से बाहर नहीं आ पाए हैं। सुरेंद्र पंवार के वकील मुकेश पन्ना लाल का कहना है कि कोर्ट केस को रद्द कर चुकी है लेकिन अब फैसले की प्रोसेसिंग में वक्त लग रहा है। उन्होंने कहा कि वो फिलहाल नहीं बता सकते कि पंवार कब तक जेल से रिहा होंगे। आपको बता दें कि ईडी ने सुरेंद्र पंवार को अवैध माइनिंग और मनी लॉंड्रिंग केस में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था। जिसके बाद से ही वो जेल में हैं। कांग्रेस ने उन्हें जेल में रहते हुए ही सोनीपत से टिकट दिया था। उनके जेल में रहने के चलते उनकी पुत्रवधू उनकी ओर से चुनाव प्रचार कर रही हैं। सुरेंद्र पंवार केस में सोमवार को हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान जज महावीर सिंह सिंधु ने सुरेंद्र पंवार की गिरफ्तारी को अवैध बताया था और उन पर दर्ज केस को रद्द कर दिया था। जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि सुरेंद्र पंवार मंगलवार सुबह तक जेल से रिहा हो जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। मंगलवार के उनके वकील दिनभर कोर्ट से ऑर्डर निकलवाने में लगे रहे।
बताया जा रहा है कि सुरेंद्र पंवार की रिहाई के ऑर्डर अपलोड नहीं हुए हैं। जिसका प्रोसेस चल रहा है। फैसला लिखने के बाद जज के साइन होंगे और इसके बाद आदे जारी होंगे। सुरेंद्र पंवार के वकील का कहना है कि जब तक ऑर्डर उनके हाथ में नहीं आ जाते, तब तक वे कुछ नहीं कह सकते कि पंवार कब तक जेल से बाहर आ जाएंगे।
आपको बता दें कि सोनीपत से बीजेपी की ओर से कांग्रेस से आए निखिल मदान टिकट पाकर चुनावी मैदान में हैं...यहां जैन दंपत्ति यानी कविता जैन और राजीव जैन भी टिकट की चाह पाले हुए थे और जब टिकट नहीं मिला तो वे नाराज भी हो गए थे हालांकि बाद में सीएम नायब सैनी ने उन्हें मना लिया था।
बहरहाल माना जा रहा है कि सुरेंद्र पंवार के जेल से बाहर आते ही ये मुकाबला और रोचक हो जाएगा।