पराली जलाने के मामले पर आज ‘सुप्रीम’ सुनवाई, पंजाब और हरियाणा को SC में देने हैं 10 दिन के आंकड़े, पंजाब में पराली जलाने के केस 7 हजार पार
पराली के मुद्दे पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली है। इस सुनवाई में पंजाब और हरियाणा सरकार को 10 दिन के आंकड़े शपथ पत्र के साथ देने हैं। इस शपथ पत्र में दोनों राज्यों को ये बताना होगा इन 10 दिनों में पराली जलाने की कितनी घटनाएं पेश आईं, सुप्रीम कोर्ट अपनी ओर से दिवाली के समय बढ़े प्रदूषण पर टिप्पणी कर सकता है।
वहीं पिछली सुनवाई के बाद पंजाब सरकार के साथ-साथ एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) भी एक्टिव हो गया है। कमीशन ने पंजाब के दो सीनियर अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
दरअसल चार नवंबर को हुई सुनवाई के बाद पंजाब में CAQM एक्टिव हो गया है। 13 नवंबर से CAQM की टीम पंजाब में है। CAQM की टीम ने खेतों में आग लगने की घटनाओं में बढ़ोतरी पर मंगलवार के दिन संगरूर और फिरोजपुर जिलों के डीसी और एसएसपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। बताया जा रहा है कि CAQM उन कारणों को जानने की कोशिश कर रहा है जिनकी वजह से पंजाब में इतने प्रयासों के बाद भी पराली जलाने की घटनाएं कम नहीं हो रही हैं।
बल्कि पंजाब में पराली जलाने के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बुधवार की बात करें तो इस दिन पंजाब में 509 पराली जलाने के मामले दर्ज किए गए। जिनमें सबसे अधिक मामले फरीदकोट-91 और फिरोजपुर-91 से सामने आए । वहीं मोगा में 88, मुक्तसर में 79 और बठिंडा में 50 जगह पराली जलाई गई। दूसरी ओर संगरूर में सख्ती के बाद पराली जलाने के मामलों में कमी आई यहां पराली जलाने के सिर्फ 7 केस सामने आए।
अब इन सब मामलों के बाद पंजाब में पराली जलाने के अब तक 7621 मामले सामने आ चुके हैं। और इनमें सबसे अधिक संगरूर में हैं। यहां 1388 मामले दर्ज किए गए हैं। वहीं फिरोजपुर में 954, तरनतारन में 700, अमृतसर में 651 और मानसा में 486 मामले दर्ज किए गए हैं।
यहां तक की पराली से प्रदूषण की बात अब पाकिस्तान में भी होने लगी है। पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने इस मुद्दे पर बयान दिया था जिसका जवाब पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब यूनिवर्सिटी में हुए ‘पंजाब विजन 2047’ सम्मेलन में तंज भरे लहजे में दिया। सीएम भगवंत मान ने कहा कि प्रदूषण के मुद्दे पर राज्यों के बीच दोषारोपण नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका समाधान आपसी सहयोग से खोजना चाहिए। सीएम भगवंत मान ने पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज पर तंज कसते हुए कहा था कि मरियम ये दावा करती हैं कि पंजाब से प्रदूषित धुआं लाहौर पहुंच रहा है। मान ने मजाक भरे लहजे में कहा कि पहले एक पाकिस्तानी महिला उन्हें परेशान कर चुकी हैं, और अब मरियम भी यही कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कर ले दुखी तू भी, लिख ले चिट्ठी। पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज ने कहा था कि भारत के पंजाब से प्रदूषित धुआं लाहौर पहुंच रहा है। इस समस्या पर वो भारत के पंजाब के मुख्यमंत्री को चिट्ठी लिखेंगी ।
वहीं पराली जलाने के मामलों को कम करने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने भी सख्ती दिखाई है, जिसके बाद केंद्र सरकार ने पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माना दोगुना कर दिया है। जिसके तहत अब 2 एकड़ से कम जमीन पर पराली जलाने पर 5 हजार रुपये जुर्माना लगाया जा रहा है। वहीं दो से पांच एकड़ में 10 हजार और पांच एकड़ से ज्यादा जमीन वालों से 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। यह भी कहा गया है कि उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली सरकार इन नियमों को लागू करने के लिए बाध्य होंगे।