डेरा बाबा नानक में शराब से भरा ट्रक पकड़ा, कांग्रेस समर्थकों ने कहा-सत्ताधारी पार्टी के नेता ने उपचुनाव के लिए भेजी

डेरा बाबा नानक में शराब से भरा ट्रक पकड़ा, कांग्रेस समर्थकों ने कहा-सत्ताधारी पार्टी के नेता ने उपचुनाव के लिए भेजी

डेरा बाबा नानक में उपचुनाव से ठीक पहले कांग्रेसियों ने 900 पेटी शराब जब्त की है। कांग्रेस समर्थकों ने आरोप लगाया है कि यह शराब की खेप सत्ताधारी पार्टी के एक बड़े नेता ने भेजी है। यह पूरी घटना सोमवार देर रात की है। जब कुछ कांग्रेसियों ने एक ट्रक को रोका। इस ट्रक में 900 पेटी शराब रखी हुई थी। इसके बाद कांग्रेसियों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। उन्होंने ट्रक में बैठे ड्राइवर का भी वीडियो बनाया। ट्रक ड्राइवर से जब शराब के बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि यह शराब एक मंत्री ने भेजी है।

इसी दौरान ट्रक ड्राइवर ने बताया कि उसे ये शराब की खेप बटाला बाईपास पर छोड़नी है। वहां शराब की पेटियां रिसीव करने के बाद वो आगे रवाना हो जाएंगे। इस बात पर कांग्रेस समर्थकों ने ट्रक और ड्राइवर को शराब पेटियों के साथ पुलिस के सुपुर्द कर दिया। आपको बता दें कि डेरा बाबा नानक में उपचुनाव हैं जिसमें अब 36 घंटे से भी कम का समय बचा है।

वहीं इस बारे में जब एडीसी डेरा बाबा नानक राजपाल सिंह सेखों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अबी शराब पकड़े जाने की जानकारी नहीं मिली है। अगर शराब किसी अन्य जगह पकड़ी गई है तो स्थानीय अधिकारी इसकी जांच करेंगे। वहीं फतेहगढ़ चूड़ियां के डीएसपी का कहना है कि अभी इस बारे में कुछ नहीं कह सकते हैं। आबकारी विभाग से इस संबंध में संपर्क साधा जा रहा है। बहरहाल अब जांच में ही सामने आ पाएगा कि यह शराब की खेप किसने भेजी है। लेकिन एक बात जो बिल्कुल साफ है कि उपचुनाव में भी शराब का खूब इस्तेमाल होने वाला है।