केंद्रीय मंत्री का बड़ा दावा-कुछ महीने में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी देश की अर्थव्यवस्था

केंद्रीय मंत्री का बड़ा दावा-कुछ महीने में चौथे स्थान पर पहुंच जाएगी देश की अर्थव्यवस्था

बीजेपी ने चंडीगढ़ के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मौजूद रहे । इस मौके पर उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि आईएमएफ ने भारत को लेकर अपने आंकड़े जारी किए हैं जिसमें उसने कहा कि हमारी हमारी जीडीपी 3.95 ट्रिलियन डॉलर है। हम पांचवें नंबर पर हैं। हमारे बाद जापान 4.1 ट्रिलियन डॉलर जीडीपी वाला देश है और चौथे नंबर पर है। अगर हमारी ग्रोथ रेट 7-8 पर्सेंट चल रहा है और जापान का फ्लैट है तो एक साल नहीं बल्कि कुछ महीने में हम चौथे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 में हम 10वें से 11वें नंबर की अर्थव्यवस्था थे लेकिन आज हम पांचवें नंबर पर हैं। ये मोदी सरकार में हुआ है। 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के दौरान हमारा शहरी क्षेत्र पर खर्च एक लाख सत्तर हजार करोड़ से भी कम था, लेकिन मोदी सरकार में 2014 से लेकर 2024 तक ये 11-12 गुणा बढ़कर 18 से 19 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा कि मोदी के अगले कार्यकाल में हमारी जीडीपी दुनिया में तीसरे नंबर पर पहुंच जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कुछ सालों में हमारा मेट्रो सिस्टम दुनिया में दूसरे नंबर का होगा। केंद्रीय मंत्री ने ये सारी बातें चंडीगढ़ के बीजेपी कार्यालय में चंडीगढ़ के लिए बीजेपी का संकल्प पत्र जारी करने के दौरान कही।