विनेश फोगाट ओलंपिक में अयोग्य घोषित, परिवार सन्न व प्रशंसकों में गुस्सा, सदमे में हरियाणा
पहलवान विनेश फोगाट के ओलिंपिक मुकाबले से बाहर होने की सूचना मिलते ही महावीर फोगाट की आंखों में आंसू आ गए। वहीं, इस फैसले के आने के बाद हर कोई विरोध जता रहा है। विनेश के गोल्ड की दौड़ से बाहर होने की सूचना मिलते ही लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। विनेश के ओलंपिक में डिस्क्वालीफाई होने के बाद ससुर राजपाल राठी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें जैसे ही यह सूचना मिली दिल बैठ गया। आंखों में पानी आ गया इतना दुख है कि किसी को बयान नहीं कर पा रहे है। विनेश के साथ राजनीति की जा रही है। कुछ शुरू से ही उसके पीछे लगे हुए है कि कैसे उसको हराया जाए। विनेश को मैट पर नहीं हरा पाए तो राजनीति करके नीचे लाने की कोशिश कर रहे है। उन्होंने कहा कि अगर वजन 100 ग्राम ज्यादा था तो 10 मिनट का समय देते वह अपने बाल कटवा देती, 100 ग्राम तो वहां कम हो जाता। लेकिन नहीं यह षड्यंत्र के माध्यम से किया जा रहा है। बेटी ने जिंदगी भर इस पल के लिए मेहनत की व उसको इस गंदे तरीके से साजिश कर बाहर किया जा रहा है।भारतीय पहलवान विनेश फोगट के ओलिंपिक मुकाबले से अयोग्य घोषित होने पर उनके चाचा महावीर फोगट ने कहा कि मेरे पास कहने को कुछ नहीं है। पूरे देश को गोल्ड की उम्मीद थी। कहा कि नियम तो हैं लेकिन अगर कोई पहलवान 50-100 ग्राम ज्यादा वजन का है तो उसे खेलने की अनुमति दी जाती है। मैं देश के लोगों से कहूंगा कि निराश न हों, एक दिन वो जरूर मेडल लाएगी। मैं उसे अगले ओलंपिक के लिए तैयार करूंगा।