आतंकी अर्श डल्ला के करीबी ने पंजाबी म्यूजिक कंपनी गीत-MP3 के मालिक को दी धमकी, बोला-मूसेवाला को धमकियां दिलाईं, साथी सिंगरों को भी दिया मेसेज
आतंकी अर्श डल्ला के साथी जंटा खरड़ ने पंजाबी फिल्म और म्यूजिक इंडस्ट्री की सबसे बड़ी प्रोड्यूसर कंपनियों में से एक गीत MP3 के मालिक केवी ढिल्लों को जान से मारने की धमकी दी है। इससे जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है। जिसमें जंटा खरड़ कह रह है कि यह वही व्यक्ति है जिसने शुरुआत में सिद्धू मूसेवाला को धमकाने का काम शुरू किया था। अब वो चाहे जितना मासूम बनने का नाटक कर सकता है, जो चाहे मुखौटा पहन सकता है। जंटा ने कहा कि सिद्धू मूसेलवाला के घर भी यह गया था और वहां रोया भी था।
जंटा ने अपने ऑडियो में कहा कि हम जानते हैं कि तुम कौन हो और तुम भी जानते हो। तुम जहां चाहे जा सकते हो। जितनी चाहो सुरक्षा ले लो। तुम जो चाहे कर सकते हो, विदेश भी भाग सकते हो, जब हमें काम करना होगा, तो करेंगे। चाहे दो साल लगें या पांच साल मैं तुम्हारा काम जरूर करूंगा।
आपको बता दें कि पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के 25 से ज्यादा स्टार सिंगर गीत MP3 के जरिए काम करते हैं। इसलिए उन गायकों की भी चिंता बढ़ गई है। गीत MP3 के साथ पंजाब के गायक जस मानक, दीप जंडू, बोहेमिया, डिवाइन, हुनर सिंह संधू, वड्डा ग्रेवाल, करण रंधावा, हर्फ चीमा, जी खान, अमृत मान, कैंबी, जगजीत संधू जैसे अन्य और कई कलाकारों के नाम शामिल हैं, जो गीत MP3 के साथ काम करते हैं।
ऐसे में स्वभाविक है कि इन सिंगरों की चिंता बढ़ेगी ही। इसी ऑडियो में जंटा खरड़ ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर के डबरा में हुए जसवंत सिंह हत्याकांड की भी जिम्मेदारी ली है। उसने कहा कि जसवंत सिंह से हमारी पुरानी दुश्मनी थी जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिलाया। वहीं जंटा इस बारे में सोशल मीडिया पर पोस्ट भी किया है।

वहीं अपने ऑडियो में जंटा ने जसवंत सिंह के बारे में बात करने के बाद कहा है कि अब हमारे पास एक-दो काम बाकी हैं, जो जल्द ही पूरे हो जाएंगे। इसमें सबसे अहम काम केवी ढिल्लों का है, जो गीत MP3 का मालिक है। चाहे आप इसे गीत MP3 कहें या चीट MP3, दोनों एक ही होंगे। इस व्यक्ति ने कई लोगों को ठगा है। कई लोगों को परेशान भी किया गया। हमारे भाई पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला भी इसका शिकार हुए।
जंटा ने अपने इस ऑडियो में एक और बात कही है कि उसके साथ घूमने वाले दो-चार गायक कहीं और काम ढूंढ लें तो बेहतर होगा। उसकी वजह से कहीं अपना नुकसान मत करवा लेना। उसने यह भी कहा कि तुम मुझे समझौता करने के लिए जिसे चाहो बुला रहे हो, तुम्हारे साथ कोई समझौता नहीं होगा।
आपको बता दें कि जंटा खरड़ पर देश के ई थानों में 15 से ज्यादा केस दर्ज हैं। इनमें फिरौती, हत्या, ड्रग तस्करी, हथियार तस्करी जैसे मामले और अन्य मामले शामिल हैं। जंटा किसी तरह भारत से भागने में कामयाब रहा था, जंटा कनाडा में अर्श डल्ला के साथ रहता था। जंटा खरड़ खालिस्तानी आतंकियों से जुड़ा और खुद खालिस्तान का समर्थक है।