शिल्पा शेट्टी की मां सुनंदा की बिगड़ी तबीयत, मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती; मिलने पहुंचीं एक्ट्रेस
बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी की मां सुनंदा शेट्टी की तबीयत अचानक खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर मिलते ही शिल्पा भी फौरन अस्पताल पहुंचीं।
सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में शिल्पा शेट्टी को लीलावती अस्पताल के बाहर देखा गया, जहां वे अपनी कार से उतरकर जल्दी-जल्दी अंदर जाती नजर आईं। इस दौरान एक्ट्रेस काफी सिंपल लुक में दिखीं। फैंस उनके इस वीडियो को देखकर चिंतित हो गए हैं और सुनंदा शेट्टी के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। बता दें कि शिल्पा शेट्टी के पिता सुरेंद्र शेट्टी का निधन वर्ष 2016 में हुआ था। तब से शिल्पा अपनी मां के बेहद करीब हो गई हैं और अक्सर सोशल मीडिया पर उनके साथ तस्वीरें साझा करती हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो शिल्पा आखिरी बार साल 2022 में फिल्म ‘निकम्मा’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह हाल ही में एक डांस रिएलिटी शो में बतौर जज दिखाई दीं। फिलहाल उनकी कई फिल्में पाइपलाइन में हैं। वहीं, एक्ट्रेस हाल के दिनों में 60 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी मामले को लेकर भी सुर्खियों में रही हैं, जिसमें उनके पति राज कुंद्रा का नाम भी सामने आया था।