ड्राइवर की लापरवाही से हुआ हादसा, खड़ी इंडिगो प्लेन से जा टकराई मिनी बस
बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक टेंपो ट्रैवलर के इंडिगो विमान से टकराने की तस्वीर वायरल हो रही है। यह दुर्घटना शुक्रवार (18 अप्रैल) दोपहर को हुई, जब एक टेम्पो ट्रैवलर एक खड़े इंडिगो विमान से टकरा गया, जिससे चालक को मामूली चोटें आईं।
यह दुर्घटना दोपहर करीब 12:15 बजे हवाई अड्डे के अल्फा पार्किंग बे 71 पर हुई। हवाई अड्डा प्रशासन ने कहा कि टेम्पो किसी थर्ड पार्टी ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी का था और इसका इस्तेमाल हवाई अड्डे के कर्मचारियों को उतारने के लिए किया जा रहा था।
जिस विमान की टक्कर टेम्पो से हुई थी, उसे इंजन की मरम्मत के लिए पहले ही रोक दिया गया था और उसे शीघ्र ही सेवा में वापस आने की कोई योजना नहीं थी। इस कारण वहां कोई यात्री मौजूद नहीं था।
इंडिगो ने अपने बयान में कहा कि यह दुर्घटना चालक की लापरवाही के कारण हुई। टेम्पो विमान से टकरा गया, जिससे वाहन की छत और चालक की तरफ का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं हैं, जबकि विमान को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।