अमृतसर में एयरपोर्ट पर हंगामा: फ्लाइट में बिठा यात्रियों को करवाया 6 घंटे इंतजार, रात 12 बजे फ्लाइट कर दी कैंसिल, पैसेंजर्स ने किया बवाल
पंजाब के अमृतसर में श्री गुरुराम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार रात हंगामा हो गया। दरअसल यहां एयरपोर्ट के रनवे पर खड़ी एयर इंडिया एक्सप्रेस की अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट में जबरदस्त हंगामा हो गया। क्योंकि शनिवार रात को फ्लाइट IX-191 को रात 12 बजे कैंसिल कर दिया गया। और वो भी तब जब इस फ्लाइट में बैठे पैसेंजर 6 घंटे से फ्लाइट के टेक ऑफ करने का इंतजार कर रहे थे। ऐसे में जब पैसेंजर्स को इस बात का पता चला कि फ्लाइट कैंसिल हो गई है तो उनके गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। वहीं एयरलाइंस के पास ऐसे मौके पर सिर्फ माफी मांगने के अलावा कोई हल नहीं था।

दरअसल एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-191 को शनिवार शाम करीब 7 बजे अमृतसर एयरपोर्ट से टेकऑफ करना था। ऐसे में सभी पैसेंजर्स ने सही समय पर एयरपोर्ट पहुंच चैक-इन भी करवा लिया। करीब 6 बजे सभी पैसेंजर्स को फ्लाइट में बिठा भी दिया गया, ताकि समय पर विमान अपनी उड़ान भर सके। लेकिन इसके बाद जो हुआ वो किसी ने नहीं सोचा था, 6 बजे फ्लाइट में चढ़े पैसेंजर्स को रात के 12 बज गए लेकिन उनका टेकऑफ ही नहीं हुआ। जैसे-जैसे टाइम बढ़ा तो पैसेंजर्स के सब्र का बांध भी टूटने लगा। एक सोशल मीडिया पोस्ट में एक व्यक्ति ने बताया कि फ्लाइट में पानी पिलाने तक के लिए भी कोई नहीं था। ऐसे में 9 बजे पैसेंजर्स ने फ्लाइट के अंदर हंगामा करना शुरू कर दिया था। लेकिन एयरलाइंस वालों का यह कहना था कि फ्लाइट जल्द ही उड़ने वाली है। वहीं, फ्लाइट में क्रू का समय पूरा होने पर उन्हें रिप्लेस भी कर दिया गया। लेकिन एयरलाइंस की ओर से पैसेंजर्स को सही जानकारी नहीं दी गई।
ऐसे हालात में जब रात 11 बजे सवारियों ने शोर मचाना शुरू किया और स्टाफ को सही-सही जानकारी देने के लिए दबाव बनाना शुरू किया तो छह घंटे फ्लाइट में बैठने के बाद पैसेंजर्स को जानकारी दी गई कि आज फ्लाइट कैंसिल कर दी गई है। हालांकि फ्लाइट क्यों कैंसिल हुई इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन फ्लाइट कैंसिल होने पर पैसेंजर्स ने स्टाफ पर खूब भड़ास निकाली और सवाल किए कि अगर फ्लाइट कैंसिल ही करनी थी तो 6 घंटे फ्लाइट में क्यों बिठाए रखा। हालांकि पैसेंजर्स के इस सवाल का कोई जवाब एयरलाइंस के पास नहीं था