हरियाणा में आज हो रहा मतदान, 11 बजे तक 22 फीसदी लोगों ने डाला वोट, सीएम, पूर्व सीएम, पूर्व डिप्टी सीएम समेत इन बड़ी हस्तियों ने डाला वोट

हरियाणा में आज हो रहा मतदान, 11 बजे तक 22 फीसदी लोगों ने डाला वोट, सीएम, पूर्व सीएम, पूर्व डिप्टी सीएम समेत इन बड़ी हस्तियों ने डाला वोट

लोकतंत्र का पर्व आज हरियाणा में मनाया जा रहा है। आज हरियाणा लोकसभा की सभी 10 की 10 सीटों पर और एक विधानसभा सीट पर वोटिंग हो रही है। राजनीति के दिग्गज भी सुबह-सुबह मतदान करने के लिए पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सुबह-सुबह अपने परिवार के साथ मतदान किया।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी सुबह-सुबह सबसे पहले अपने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। और जनता से भी वोट की अपील की। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अपने माता-पिता पत्नी के साथ जाकर मतदान किया। दुष्यंत चौटाला के भाई और उनकी पत्नी भी ने भी साथ में मतदान किया।

वहीं मतदान प्रतिशत की बात करें तो इलेक्शन कमीशन की मोबाइल एप वोटर टर्नआउट के अनुसार सुबह 11 बजे तक हरियाणा में कुल 20.09 फीसदी लोगों ने मतदान किया। इसमें कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 26.10 फीसदी ने अब तक अपने मत का प्रयोग किया। वहीं गुड़गांव में सबसे कम 17.42 फीसदी लोगों ने वोट डाला। वहीं भिवानी-महेंद्रगढ़ में 24.32 फीसदी लोगों ने वोट डाला। सिरसा में भी अब तक 24.71 प्रतिशत लोगों ने अपने मत का प्रयोग किया।

ऐसे ही सोनीपत में 22.88 फीसदी, अंबाला में 22.30 फीसदी, रोहतक में 22.15 फीसदी, करनाल में 22.04 फीसदी, हिसार में 22.18 फीसदी वोटिंग, फरीदाबाद में 19.55 प्रतिशत लोगों ने सुबह 11 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

आपको बता दें कि इस बार शांतिपूर्वक मतदान के लिए 96 हजार से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही उड़न दस्ते, ऑब्जर्वर के अलावा माइक्रो पर्यवेक्षक अलग-अलग मतदान केंद्रों पर लगाए गए हैं। सरकार ने 112 कंपनियां अर्धसैनिक बल, 35 हजार पुलिसकर्मी और 24 हजार होमगार्ड की ड्यूटी भी सुरक्षित और शांतिपूर्ण मतदान के लिए लगाई है।

इस चुनाव में मुख्यमंत्री नायब सैनी, पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, दीपेंद्र हुड्डा, अभय चौटाला, कुमारी सैलजा, नवीन जिंदल, राव इंद्रजीत सिंह, नैना चौटाला, राज बब्बर और कृष्णपाल गुर्जर की प्रतिष्ठा दांव पर है। आपको बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल करनाल लोकसभा सीट से सांसद का चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी करनाल विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे हैं।

हरियाणा के इस चुनाव में कुल दो करोड़ 76 हजार 768 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। और 223 प्रत्याशियों में से अपना मनपसंद प्रतिनिधि चुनेंगे। हरियाणा के 20 हजार 31 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चलेगा। शाम छह बजे जो व्यक्ति मतदान के लिए लाइन में लगा हुआ होगा उसे वोट डालने दिया जाएगा।

हरियाणा में पुरुष वोटर्स की संख्या की बात करें तो हरियाणा में पुरुष वोटर्स एक करोड़ 6 लाख 52 हजार 345 है। महिला वोटर्स की संख्या 94 लाख 23 हजार 956 है । ट्रांसजेंडर 467 मतदाता और ओवरसीज के मतदाता 762 हैं ।

हरियाणा में अबकी बार 85 साल की आयु से अधिक के 2 लाख 63 हजार 887 मतदाता हैं।

दिव्यांग मतदाताओं की संख्या एक लाख 50 हजार 277 है ।

वहीं सर्विस वोटर्स एक लाख 11 हजार 143 है।

हरियाणा में अबकी बार पहली बार वोट डालने वाले युवाओं की संख्या चार लाख 20 हजार 665 है । इन मतदाताओं की उम्र 18 से 19 साल के बीच है। वहीं 20 से 40 साल के करीब 87.17 मतदाता हैं। दूसरी ओर 100 से ऊपर आयु के 10 हजार 949 मतदाता शामिल हैं।

यहां आपके लिए ये जानना भी जरूरी है कि इन दिनों हरियाणा में भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 41 से 46 डिग्री के बीच चल रहा है। हरियाणा के 15 शहरों में लू का रेड अलर्ट है। हालांकि मतदाताओं के जोश में कमी नहीं है। लेकिन इस भीषण गर्मी में वोटर अपना ख्याल भी जरूर रखें। अपने साथ पानी जरूर रखें। मतदान करने भी जरूर जाएं।